रावी न्यूज दीनानगर
कस्बे के साथ लगते एक गांव में एक लड़की ने आत्महत्या कर ली। उसका ताया का लड़का उसे शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर करता था, जिससे वह परेशान रहती थी। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ धारा 306 के तहत मामला दर्ज करके अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपित फरार है। पुलिस को दी शिकायत में एक महिला ने बताया कि उसके पति की मौत को करीब 11 साल हो गए हैं। वह अपने एक लड़के व तीन लड़कियों के साथ घर में रहती है। उसकी बड़ी लड़की प्लस टू करने के बाद घर में ही सिलाई का काम करती थी। उसके पड़ोस में रहते उसके जेठ का लड़का उसकी बेटी पर गलत नजर रखता था और उसे तंग करता था। महिला ने बताया कि उसके जेठ के लड़के ने उसकी लड़की के साथ उसकी इच्छा के खिलाफ शारीरिक संबंध भी बनाए थे और अब उसे बार-बार शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर करता था। ऐसा न करने की सूरत में गांव में बदनाम करने की धमकियां देता था। उसकी लड़की ने घटना की जानकारी दी तो वह अपने जेठ के घर शिकायत लेकर भी गए थे। इसके बावजूद भी जेठ का लड़का अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। इससे परेशान होकर शनिवार शाम को उसकी बेटी ने जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या कर ली। उसे इलाज के लिए पठानकोट लेकर जाया गया, लेकिन उसने दम तोड़ दिया।