रावी न्यूज लुधियाना
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब के लोगों से राज्य के सर्वपक्षीय विकास हेतु नरेंद्र मोदी को 5 साल देने की अपील की है।
यहां आज एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने अपना भाषण 10 सिख गुरुओं और श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी को नमन करने के बाद शुरू किया। यहां ऐतिहासिक दरेसी मैदान में पहुंचे बड़ी संख्या में लोगों को संबोधित करते हुए, उन्होंने कहा कि सिखों का भारत में विशेष स्थान है पंजाब भारत का दिल है और पंजाब के बगैर भारत की कल्पना नहीं की जा सकती।
शाह ने देश की सुरक्षा में पंजाब के योगदान का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मुगलों से लेकर अंग्रेजों तक पंजाबियों ने हमेशा दुश्मनों से देश की सुरक्षा की है। यहां तक कि अब भी स्वतंत्रता के बाद पंजाबी देश की रक्षा कर रहे हैं। सिर्फ पंजाबी सिपाहियों की ओर से ही बड़ी संख्या में बलिदान दिए गए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री ने पंजाबियों से मोदी को 5 साल देने की भावुक अपील करते हुए कहा कि उनका पंजाबियों और सिखों के लिए विशेष लगाव व प्यार है। उन्होंने कहा कि मोदी ने 1984 के सिख विरोधी दंगों के गुनहगारों को सजाएं दी। राजीव गांधी ने कहा था कि जब कोई बड़ा पेड़ गिरता है, तो धरती हिलती है। धरती तो नहीं हिली, लेकिन आपने बेकसूर लोगों को मार दिया और उन्हें न्याय भी नहीं दिया। उन्होंने कहा कि मोदी ने ही एसआईटी का गठन किया और नतीजा यह निकला कि गुनाहगार जेल में गए।

शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के निजी तौर पर ध्यान देने के चलते ही श्री करतारपुर साहिब का मार्ग खुला और 120 करोड़ रुपये की लागत से बहुत ही कम समय में कॉरिडोर का काम पूरा हुआ। उन्होंने कहा कि मोदी ने ही 20 दिसंबर को दोनों छोटे साहबजादों साहिबजादा जोरावर सिंह जी और साहिबजादा फतेह सिंह जी के बलिदान दिवस को वीर बाल दिवस घोषित किया। इसके अलावा मोदी सरकार ने लंगर में इस्तेमाल होने वाली चीजों को जीएसटी से मुक्त किया। यहां तक कि मोदी सरकार ने श्री दरबार साहिब को एफसीआरए के अंदर रजिस्ट्रेशन मुहैया करवाई, ताकि विदेशों में रहने वाले श्रद्धालु श्री दरबार साहिब के लिए आसानी से दान भेज सकें। जबकि पंजाब के लिए अपने मिशन को जाहिर करते हुए, शाह ने पंजाब को नशा मुक्त, माफिया मुक्त और शांतिमय राज्य बनाने का वायदा किया। उन्होंने चरणजीत सिंह चन्नी के मुख्यमंत्री बनने की काबिलियत पर सवाल किया। उन्होंने कहा कि जो मुख्यमंत्री देश के प्रधानमंत्री को सुरक्षित मार्ग नहीं मुहैया करवा सकता, क्या वह मुख्यमंत्री बनने के काबिल है। जबकि आम आदमी पार्टी पर असीधे तौर पर चुटकी लेते हुए, उन्होंने कहा कि प्रशासन चलाना एक बड़ी जिम्मेदारी है, ना कि कॉमेडी शो। उन्होंने कहा कि पंजाब एक महत्वपूर्ण सीमावर्ती राज्य है, जिसे एक मजबूत, ईमानदार और समझदार नेतृत्व की जरूरत है।
शाह ने यह भी भरोसा दिया कि पंजाब में भाजपा नेतृत्व वाली एनडीए की सरकार बनने के बाद धर्म परिवर्तन की प्रक्रिया को रोका जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब में धर्म परिवर्तन की समस्या है और इसे रोकना मुख्यमंत्री चन्नी के बस में नहीं। पंजाब के किसानों के लिए विशेष संदेश में गृह मंत्री ने कहा कि एनडीए सरकार सुनिश्चित करेगी कि मिट्टी की सेहत कायम रहे, कृषि विभिनता आए और खेती के तरीके में बदलाव आए। उन्होंने कहा कि इन सालों के दौरान पंजाब के किसानों ने देश का पेट भरा है व उन्हें इसका फायदा मिलना चाहिए और उनकी आमदनी को बढ़ाया जाएगा। उन्होंने लोगों से एनडीए को वोट देने की अपील करते हुए कहा कि वह सुनिश्चित करेंगे कि विश्व भर में लुधियाना का साइकिल मिले। इस अवसर पर अन्य के अलावा केंद्रीय मंत्री और पंजाब भाजपा इंचार्ज गजेंद्र सिंह शेखावत, मीनाक्षी लेखी, मनजिंदर सिंह सिरसा भी मौजूद रहे। उन्होंने लोगों से पार्टी और गठबंधन के उम्मीदवारों जगमोहन शर्मा, प्रवीण बांसल, गुरदेव शर्मा देवी, प्रेम मित्तल, सतिंदर सट्ठा, बिक्रम सिंह सिद्धू, एसआर लद्धड़, दमनजीत सिंह मोही को वोट देने की अपील की।