रावी न्यूज गुरदासपुर
चार दिनों से लापता गांव कठाना के 17 वर्षीय युवक सुखदेव सिंह का शव रविवार को दरिया ब्यास से बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा है। उधर, पुलिस ने सुखदेव के स्वजनों के बयानों के आधार पर छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आशंका जताई जा रही है कि आरोपितों ने युवक को मारने के बाद शव खुर्द-बुर्द करने के लिए शव को पत्थर से बांधकर दरिया में फेंका था।
गांव कठाना के सुरजीत सिंह ने बताया कि 23 मार्च की मध्य रात्रि को उनका बेटा सुखदेव सिंह गन्ने की ट्रैक्टर-ट्राली लेकर मुकेरियां मिल के लिए रवाना हुआ था। रवाना होने से पहले उन्होंने अपने बेटे को बोला था कि जब वह मिल में पहुंच जाएगा तो फोन कर दें। लेकिन देर रात तक उनके बेटा का फोन नहीं आया तो वे तुरंत मुकेरियां मिल की तरफ चल पड़े। उसका फोन भी बंद आने लगा था। जब उन्होंने अपने बेटे की तलाश की तो मिल के निकट एक भट्ठे पर उनकी ट्रैक्टर-ट्राली खड़ी मिली। लेकिन वहां से उनका बेटा लापता था। उन्होंने अपने बेटे के लापता होने की रिपोर्ट थाना भैणी मियां खां में दर्ज करवाई थी।
थाना प्रभारी शमशेर सिंह ने बताया कि युवक के पिता के बयानों के आधार पर महकप्रीत सिंह, पुरुषोत्तम सिंह, बाऊ, गुरमीत सिंह, मेजर सिंह और परमजीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस ने गांव के कुछ लोगों को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया था। उनसे पूछताछ की तो पता चला कि सुखदेव सिंह का अपहरण करने के बाद उसे गांव किशनपुर दरिया ब्यास के पास ले जाकर हत्या करने के बाद उसका शव पत्थरों से बांधकर दरिया ब्यास में फेंक दिया था। रविवार को पुलिस कर्मचारियों की निशानदेही पर रेस्क्यू टीम बताई हुई जगह पर पहुंची। इसके बाद टीम ने गांव के कुछ युवाओं के प्रयासों से सुखदेव सिंह का शव नायब तहसीलदार काहनूवान मनोहर लाल की मौजूदगी में दरिया से बाहर निकाला। शव को सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिवार ने पहले ही जता दी थी हत्या की आशंका
जिस दिन सुखदेव सिंह लापता हुआ था उसी दिन से उसके पिता ने अपने बेटे के साथ कोई अप्रिय घटना होने का संदेह जताया था। उनका कहना था कि गांव मोजपुर में एक परिवार के साथ पिछले साल हुए कत्ल मामले को लेकर उनकी रंजिश चली आ रही थी। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में अपने बेटे के साथ अनहोनी घटना होने की बात कही थी।