रावी न्यूज
बटाला : शहर के बीचोबीच स्थित सिनेमा रोड से एक महिला का पर्स चुरा कर भाग रहे आरोपित ने लोगों द्वारा पीछा किए जाने पर हंसली नाले में छलांग लगा दी। पुलिस कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत कर उसे काबू किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एक महिला अपने बच्चे के साथ सिनेमा रोड से अपने घर की तरफ रवाना हो रही थी कि एक शातिर चोर ने उसका पर्स चुरा लिया। शोर मचाए जाने पर लोगों ने जैसे ही चोर का पीछा करना शुरू किया तो शातिर चोर ने पकड़ से बचने के लिए हंसली नाले में छलांग लगा दी और झाड़ियों में छुप कर बैठ गया। इसी बीच धीरे-धीरे हुजूम बढ़ता गया, लेकिन सड़क से 20 फीट नीचे झाड़ियों में छिपे चोर तक पहुंचने की कोई भी हिम्मत नहीं जुटा पाया। इसी बीच जब मामला थाना शहरी पुलिस के संज्ञान में आया तो पुरुष कर्मचारियों ने आसपास की छतों तथा नाले में उतर कर तलाशी अभियान चलाया। चोर को लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद गिरफ्तार कर लिया गया और उसके द्वारा छीना हुआ पर्स बरामद कर थाना सिटी ले जाया गया। इसी दौरान स्थिति उस समय पेचीदा हो गई जब एक एएसआइ ने चोर को ढूंढने में मदद करने वाले एक दुकानदार पर चोर का साथी होने का आरोप जड़ दिया गया। हंगामा बढ़ता देख पुलिस के सीनियर अधिकारियों ने मामले को शांत करवाया और चोर को थाना सिटी ले गए। खबर लिखे जाने तक पुलिस अधिकारियों द्वारा जांच जारी थी।