- दुनिया में अब तक 10.55 करोड़ से ज्यादा संक्रमित, 22.97 लाख मौतें हो चुकीं, 7.72 करोड़ स्वस्थ
- अमेरिका में संक्रमितों का आंकड़ा 2.72 करोड़ से ज्यादा, अब तक 4.67 लाख लोगों ने गंवाई जान
इजराइल सरकार ने कोरोना वायरस को लेकर लगाई पाबंदियों को 7 फरवरी की सुबह तक बढ़ा दिया है। देश में कोरोना के मामले कम होने के बावजूद प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने शुक्रवार को इसकी मंजूरी दे दी। बड़े पैमाने पर वैक्सीनेशन शुरू होने के बाद से यहां बुजुर्गों में कोरोना के मामले एक तिहाई तक घटे हैं। उधर, अमेरिका में नए वैरिएंट से संक्रमितों की बढ़ती तादाद चिंता बढ़ा रही है। यहां गुरुवार को ऐसे 600 से ज्यादा मरीज मिले।
इजराइल में चौथी बार लॉकडाउन बढ़ा
पिछले महीने ही सरकार ने 27 दिसंबर से लागू लॉकडाउन को तीसरी बार आगे बढ़ाया था। तब वैक्सीनेशन के बाद भी मरीज बढ़ रहे थे। 26 जनवरी को इसराइल ने बेन गुरियन एयरपोर्ट को बंद कर दिया था। पहले 5 फरवरी तक लॉकडाउन का ऐलान किया गया था। इजराइल आबादी के वैक्सीनेशन के हिसाब से सबसे आगे है।
PM नेतन्याहू ने कहा कि यह अच्छा है कि कैबिनेट ने हेल्थ मिनिस्ट्री और मेरी सिफारिशों मामूली बदलावों के साथ मंजूर कर लिया है। अब लॉकडाउन रविवार सुबह तक जारी रहेगा। लोग निर्देशों का पालन करें और वैक्सीन लगवाएं। 50 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को वैक्सीन देने पर हम जितना जोर देंगे उतनी ही जल्दी इकोनॉमी को खोल पाएंगे। अब तक, इजराइल ने कोरोना के 6,79,149 मामले दर्ज किए हैं। इनमें 5,019 की मौत हुई है। बीते 24 घंटों में यहां 5,238 नए केस मिले हैं।
अमेरिका में नए वैरिएंट ने चिंता बढ़ाई
अमेरिका के 33 राज्यों में गुरुवार को कोरोना के नए वैरिएंट के 618 मामले मिले हैं। यूएस सेंटर फॉर डिसीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन के मुताबिक, इनमें से 611 ब्रिटेन में मिले स्ट्रेन से संक्रमित हैं। सबसे ज्यादा मरीज 187 फ्लोरिडा के हैं। कैलिफोर्निया में यह संख्या 145 है। 5 केस साउथ अफ्रीका वैरिएंट के हैं। इनमें 2 साउथ कैरोलिना और 3 मैरीलैंड में मिले हैं। ब्राजील वैरिएंट के 2 मरीज मिनेसोटा में मिले हैं।
अमेरिका में दो हफ्ते में संक्रमण से करीब 40 हजार और लोगों की मौत हो चुकी है। इस दौरान हर दिन औसतन 3 हजार लोगों ने जान गंवाई। ‘द गार्डियन’ की रिपोर्ट के मुताबिक, इसकी एक वजह लोगों को फिर लापरवाह हो जाना और एक जगह पर जुटना है। हालांकि, इसके बावजूद संक्रमण की दर कम हुई है।

मरीजों की संख्या 10.55 करोड़ से ज्यादा
दुनिया में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 10.55 करोड़ से ज्यादा हो गया। 7 करोड़ 72 लाख से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं। अब तक 22 लाख 97 हजार से ज्यादा लोग जान गंवा चुके हैं। ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus के मुताबिक हैं।
स्वीडन और डेनमार्क डिजिटल वैक्सीन पासपोर्ट देंगे
स्वीडन और डेनमार्क ने देश में संक्रमण रोकने के लिए कई सख्त कदम उठाए थे। अब दोनों देश वैक्सीनेशन पर जोर दे रहे हैं। दोनों ही देश कुछ महीनों डिजिटल वैक्सीन पासपोर्ट जारी करेंगे। इसके तहत यात्रा से पहले ये दोनों देश डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए पैसेंजर्स के बारे में यह जानकारी देंगे कि उनका वैक्सीनेशन हुआ है या नहीं। अगर हुआ है तो कब हुआ। कौन सी वैक्सीन और कितने डोज दिए गए। यह जानकारी स्वीडन के कैबिनेट मंत्री आंद्रे येमैन ने दी।
स्वीडन में करीब 6 लाख संक्रमित पाए जा चुके हैं। करीब 12 हजार की मौत हुई। करीब दो लाख लोगों को वैक्सीनेट किया जा चुका है। वहीं, डेनमार्क के फाइनेंस मिनिस्टर ने कहा- ऑनलाइन और डिजिटल वैक्सीन पासपोर्ट से हमें यह पता लग सकेगा कि किस पैसेंजर का वैक्सीन स्टेटस क्या है। यह बेहद जरूरी है।

ब्राजील में फिर बढ़ी मौतें
ब्राजील सरकार के मुताबिक, यहां लगातार तीसरे दिन 1200 से ज्यादा संक्रमितों की मौत हो गई। गुरुवार को यहां 1232 और संक्रमितों ने दम तोड़ दिया। ब्राजील सरकार के लिए यह फिक्र की बात है, क्योंकि कुछ दिनों पहले यहां मरने वालों का आंकड़ा एक हजार से नीचे चला गया था। गुरुवार को जारी सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, देश में अब 2 लाख 28 हजार 795 संक्रमितों की मौत हो चुकी है।
टॉप-10 देश, जहां अब तक सबसे ज्यादा लोग संक्रमित हुए
देश | संक्रमित | मौतें | ठीक हुए |
अमेरिका | 27,277,461 | 467,069 | 17,034,751 |
भारत | 10,805,790 | 154,884 | 10,497,654 |
ब्राजील | 9,397,769 | 228,883 | 8,291,763 |
रूस | 3,934,606 | 75,732 | 3,413,495 |
UK | 3,892,459 | 110,250 | 1,828,510 |
फ्रांस | 3,274,608 | 77,952 | 228,472 |
स्पेन | 2,943,349 | 60,802 | N/A |
इटली | 2,597,446 | 90,241 | 2,076,928 |
तुर्की | 2,508,988 | 26,467 | 2,396,199 |
जर्मनी | 2,267,027 | 60,997 | 2,008,200 |
(ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus/ के मुताबिक हैं)